Date: 19-05-2024 Sunday ABOUT US Contact Us

ढुलू महतो की पत्‍नी सावित्री देवी ने सरकार पर लगाया साजिश का आरोप

12-01-2023 14:12:52 IST

न्यूज़ 4 डेस्क, न्यूज़ 4 डेस्क
धनबाद || रांची उच्च न्यायालय के आदेश पर आत्मसमर्पण करने वाले बाघमारा विधायक ढुलू महतो को जेल में जान का खतरा है इसलिए कोर्ट उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित प्रबंध करने का सरकार को आदेश दें। बुधवार को स्थानीय परिसदन में विधायक की पत्नी सावित्री देवी ने एक प्रेसवार्ता में सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार उनके पति और विधायक को जेल में ही जान से मारने की साजिश रच रही है।
 
पति की सफलता से घबरा गए हैं सत्‍ता में बैठे लोग: सावित्री देवी
सावित्री देवी ने कहा कि अपने विधानसभा में लोक कल्याणकारी कार्यों को ईमानदारी से लागू कराने के कारण सत्ताधारी दल के लोग उनके पति की सफलता से घबरा गए हैं। इस कारण उनको अपने रास्ते से हटाने के लिए कुचक्र रच रहे हैं, जिसमें जिला और पुलिस प्रशासन के लोग उनका साथ दे रहे हैं।
 
ढुलु महतो के खिलाफ रची जा रही साजिश
इसमें पूर्व विधायक जलेश्वर महतो और विजय झा जैसे नेता भी शामिल हैं। इसका उदाहरण पिछले दिनों जेल में रहने के दौरान भी उन पर आठ संगीन आपराधिक मुकदमे कराना है। यही नहीं बिना किसी सर्च वारंट के पुलिस ने घर में घुसकर स्वजनों के साथ बदतमीजी की, लेकिन विधायक ढुलू महतो कानून का सम्मान करने वालों में से हैं। यही कारण है कि उन्होंने तबीयत खराब होने के बावजूद कोर्ट के आदेश पर आत्मसमर्पण कर जेल जाना बेहतर समझा। इसके बावजूद न्यायिक अभिरक्षा में उनको जेल प्रशासन स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध नहीं करा रहा है। यह सब सोची समझी रणनीति के तहत किया जा रहा है।
 
सीबीआई से जांच कराने की मांग
उन्होंने मामले को लेकर हाई कोर्ट जाने की बात कही। सावित्री देवी ने कहा कि उनके पति और स्वजन इन मामलों की सीबीआइ से जांच कराने की लगातार मांग कर रहे हैं, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, जिला परिषद की अध्यक्षा शारदा सिंह, रमेश राही, मानस प्रसून, संजय झा, बीरेंद्र हांसदा, शेखर सिंह और मिल्टन पार्थसारथी सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता थे।


Disclaimer:

Tags: